तेंदूखेड़ा में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 10 से अधिक घायल; 3 गंभीर को जबलपुर रेफर

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से 10 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
तेंदूखेड़ा में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 10 से अधिक घायल; 3 गंभीर को जबलपुर रेफर

दमोह/तेंदूखेड़ा। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हादसा हो गया। ट्रॉली में सवार 10 से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में महिलाओं की संख्या भी बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।

कथा में शामिल होने जा रहे थे श्रद्धालु

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमलीडोल क्षेत्र से करीब 20 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तेंदूखेड़ा में आयोजित धार्मिक कथा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सिद्ध बाबा स्थान के पास उतराई वाले मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।

घायल ओंकार यादव के अनुसार, वाहन धीमी गति से चल रहा था। उनके मुताबिक, ढलान पर अचानक स्टेरिंग में खराबी आने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

108 और डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलने के बाद 108 एम्बुलेंस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

घायलों में रोशनी यादव, अभिलाषा यादव, कुसुम बाई, रुकमणि, विश्राम गौंड, ओंकार यादव, धमनी बाई, पूना बाई और ललिता बाई सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।

तीन गंभीर घायलों को जबलपुर भेजा

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अभिलाषा यादव, रुकमणि और विश्राम गौंड की हालत गंभीर बताए जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया।

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी अर्चना अहीर, नायब तहसीलदार चंद्रशेखर शिल्पी और थाना प्रभारी सरोज ठाकुर पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कितने लोग सवार थे और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।