दमोह। जिले के तेंदूखेड़ा विकासखंड अंतर्गत स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तारादेही में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विद्यालय की कंप्यूटर लैब को निशाना बनाते हुए वहां से 10 कंप्यूटर और 2 प्रिंटर चोरी कर लिए।
चोरी गए सामान की कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सुबह स्कूल पहुंचने पर हुई चोरी की जानकारी
विद्यालय के प्राचार्य स्वदेश नेमा के अनुसार, घटना की जानकारी सुबह स्कूल पहुंचने पर हुई। चपरासी ने उन्हें बताया कि कंप्यूटर लैब का ताला टूटा हुआ है।
जब प्राचार्य ने लैब में जाकर देखा तो वहां रखे 10 कंप्यूटर और 2 प्रिंटर गायब मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को चोरी की सूचना दी गई।
पीछे के खेतों से स्कूल में घुसने की आशंका
प्रारंभिक रूप से घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि चोर स्कूल के पीछे स्थित खेतों की ओर से पहुंचे और स्कूल की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कंप्यूटर लैब का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और कथित तौर पर उसी रास्ते से फरार हो गए।
हालांकि, चोरी की पूरी वारदात और चोरों के आने-जाने के रास्ते की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस के अनुसार विद्यालय में चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। प्राचार्य द्वारा 10 कंप्यूटर और 2 प्रिंटर चोरी होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
स्कूल की केवल कंप्यूटर लैब को निशाना बनाए जाने के कारण इस मामले में कई सवाल भी उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस चोरी करने वाले आरोपियों तक कब पहुंचती है और चोरी के पीछे की पूरी कहानी क्या सामने आती है।
