दमोह में कल होगा ‘श्रीकृष्ण पर्व’, मानस भवन में गूंजेंगे बुंदेली लोकगीत और भक्ति संगीत

श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन दमोह के सहयोग से जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर 2026 को मानस भवन सभागार में ‘श्रीकृष्ण पर्व’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बुंदेली लोक गायन, कालियानाग वध पर नृत्य नाटिका और भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां होंगी।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
दमोह में कल होगा ‘श्रीकृष्ण पर्व’, मानस भवन में गूंजेंगे बुंदेली लोकगीत और भक्ति संगीत

दमोह। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दमोह में श्रीकृष्ण की लोक, सांस्कृतिक और भक्ति परंपराओं को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन दमोह के सहयोग से 4 सितंबर 2026 को सायं 7 बजे से मानस भवन सभागार में ‘श्रीकृष्ण पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में आमजन का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

संस्कृति विभाग के संचालक एन.पी. नामदेव ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे मध्यप्रदेश में श्रीकृष्ण पर्व के आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दमोह में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से श्रीकृष्ण की कथा, बुंदेली लोकधुन, नृत्य और भक्ति संगीत का संगम देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण के विविध स्वरूपों को मंच पर जीवंत करेंगे। आयोजन की शुरुआत बुंदेली लोक गायन से होगी।

अनामिका पाण्डेय देंगी बुंदेली लोक गायन की प्रस्तुति

कार्यक्रम में छतरपुर की अनामिका पाण्डेय एवं उनके साथी कलाकार बुंदेली लोक गायन की प्रस्तुति देंगे। बुंदेली बोली और लोकधुनों के माध्यम से श्रीकृष्ण से जुड़े गीत प्रस्तुत किए जाएंगे।

आयोजन में बुंदेलखंड की लोक-सांस्कृतिक परंपराओं को भी विशेष रूप से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा। लोकगीतों के माध्यम से ग्रामीण जीवन और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दर्शकों को देखने और सुनने मिलेगी।

‘कालियानाग वध’ पर होगी नृत्य नाटिका

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े ‘कालियानाग वध’ प्रसंग पर आधारित नृत्य नाटिका होगी। इसकी प्रस्तुति बिथिका मिष्टी एवं साथी, भोपाल द्वारा दी जाएगी।

नृत्य और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से श्रीकृष्ण के इस प्रसिद्ध प्रसंग को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

पवन तिवारी के भजनों से भक्तिमय होगा माहौल

श्रीकृष्ण पर्व में भक्ति संगीत की प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी। सुविख्यात भजन गायक पवन तिवारी एवं उनके साथी कलाकार, निवाड़ी भक्ति गायन की प्रस्तुति देंगे।

भजनों के माध्यम से कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय बनाने का प्रयास किया जाएगा और श्रोताओं को श्रीकृष्ण भक्ति से जुड़े संगीत का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों ने जिले के नागरिकों से इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। मानस भवन सभागार में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।