दमोह। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत मानस भवन दमोह में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित आम नागरिकों ने सहभागिता करते हुए रक्तदान किया।
आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान लोगों में रक्तदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया। आयोजन के माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में मानवता एवं सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर आनंद विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, सांसद दमोह राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत कुमार मलैया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे तथा कलेक्टर प्रताप नारायण यादव सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने स्वयं रक्तदान किया। उन्होंने रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा के संदेश को आगे बढ़ाया और लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान को जरूरतमंदों के जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए शिविर में लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान सेवा और सहयोग की भावना के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत आयोजित इस शिविर के माध्यम से सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
