सीतानगर डेम में डूबे दो युवक, एक का शव बरामद; दूसरे की तलाश जारी

दमोह जिले के पथरिया विकासखंड स्थित सीतानगर डेम में नहाते समय डूबे दो युवकों में से एक का शव सोमवार सुबह SDERF टीम ने बरामद कर लिया। लुकायन निवासी देवेंद्र पटेल का शव मोटर बोट की मदद से बाहर निकाला गया, जबकि दूसरे युवक दिनेश पटेल की तलाश जारी है।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
सीतानगर डेम में डूबे दो युवक, एक का शव बरामद; दूसरे की तलाश जारी

दमोह। पथरिया विकासखंड के नरसिंहगढ़ स्थित सीतानगर डेम में रविवार को नहाते समय डूबे दो युवकों में से एक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद SDERF टीम ने सुबह 11 बजे लुकायन निवासी देवेंद्र पटेल का शव खोज निकाला। मोटर बोट की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डेम में डूबने वाले युवकों की पहचान सीतानगर निवासी दिनेश पटेल और उनके रिश्तेदार लुकायन निवासी देवेंद्र पटेल के रूप में हुई थी। घटना के बाद मौके से दोनों के कपड़े भी बरामद किए गए थे।

नहाते समय गहराई में चले गए दोनों युवक

जानकारी के अनुसार सीतानगर निवासी दिनेश पटेल, पिता रामा पटेल, अपने रिश्तेदार देवेंद्र पटेल निवासी लुकायन के साथ रविवार को सीतानगर डेम पर नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय दोनों युवक पानी की गहराई वाले हिस्से में चले गए और डूब गए। सीतानगर निवासी रोहित बरोलिया ने बताया कि दोनों युवक बांध पर नहाने गए थे। इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए दूसरा युवक भी पानी में कूद गया। तेज बहाव के कारण दोनों युवक पानी में डूब गए और इसके बाद दिखाई नहीं दिए।

चार लोग पहुंचे थे नहाने, दो के डूबने की सूचना

बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चार लोग डेम पर नहाने पहुंचे थे, जिनमें से दो युवकों के डूबने की सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई।

रविवार को देर शाम तक चला रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलने पर नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी और फुटेरा चौकी प्रभारी आनंद कुमार मौके पर पहुंचे थे। प्लाटून कमांडर प्राची दुबे के निर्देशन में SDERF टीम ने रविवार को मोटर बोट की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू की।

हालांकि, देर शाम तक युवकों का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

दूसरे युवक की तलाश जारी

सोमवार सुबह SDERF टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान देवेंद्र पटेल का शव बरामद कर लिया गया। वहीं, दूसरे युवक दिनेश पटेल की तलाश के लिए अभियान जारी है।

फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।