दमोह। वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की जयंती के अवसर पर दमोह में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का रविवार को समापन चरण आयोजित किया गया। जटाशंकर स्थित रानी अवंती बाई की प्रतिमा के समीप बनाए गए मंच पर कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न जनप्रतिनिधियों, समाज के गणमान्य लोगों और लोधी समाज के सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मंत्री धर्मेंद्र सिंह, सांसद राहुल सिंह, विधायक उमा देवी खटीक, प्रताप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानक पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रंजीता गौरव पटेल, पूर्व विधायक अजय टंडन, मंत्रिपुत्र लकी लोकेंद्र पटेल, राव बृजेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य एवं कार्यक्रम संयोजक साहिल सिंह, विद्यासागर पांडे, जय सिंह, मनु मिश्रा और रतनचंद जैन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोधी समाज के लोग भी शामिल हुए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के शौर्य, साहस और देशभक्ति को याद किया गया।
आयोजकों के अनुसार, जयंती कार्यक्रम के माध्यम से वीरांगना रानी अवंती बाई के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया गया।
समारोह के दौरान बच्चों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मंच से सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों के सम्मान से कार्यक्रम में मौजूद परिजनों और समाज के लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय रहा। नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार सहित पुलिस अधिकारी और बल मौके पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने रानी अवंती बाई लोधी के साहस और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया।
समापन अवसर पर कार्यक्रम संयोजक साहिल सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों, समाज के सदस्यों, पुलिस प्रशासन और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
