प्रधानमंत्री मोदी से मिले सांसद राहुल सिंह, वीर राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी की प्रतिमा भेंट कर किया लोकार्पण का आग्रह

दमोह सांसद राहुल सिंह ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धा राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी की प्रतिमा भेंट की। इस दौरान उन्होंने दमोह में प्रस्तावित प्रतिमा के लोकार्पण समारोह में शामिल होने का आग्रह भी किया।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
प्रधानमंत्री मोदी से मिले सांसद राहुल सिंह, वीर राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी की प्रतिमा भेंट कर किया लोकार्पण का आग्रह

नई दिल्ली/दमोह। दमोह से सांसद राहुल सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान सांसद अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मिले और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धा एवं हिंडोरिया रियासत के शासक राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी की प्रतिमा उन्हें भेंट की।

सांसद राहुल सिंह ने प्रधानमंत्री को राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी के शौर्य, बलिदान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री से दमोह जिले में प्रस्तावित राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी की भव्य प्रतिमा के लोकार्पण समारोह में शामिल होने का आग्रह भी किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांसद ने प्रधानमंत्री को बताया कि राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी ने वर्ष 1842 तथा 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि हिंडोरिया की ऐतिहासिक राजगढ़ी को अंग्रेजों ने अपनी तोपों से ध्वस्त कर दिया था, जिसके अवशेष आज भी उस संघर्ष की याद दिलाते हैं।

सांसद ने यह भी बताया कि तत्कालीन ब्रिटिश शासन ने राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी को जीवित या मृत पकड़वाने पर एक हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उनके अनुसार यह तथ्य स्वतंत्रता संग्राम में उनकी सक्रिय भूमिका और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध उनके संघर्ष को दर्शाता है।

बताया जा रहा है कि वर्ष 1857 की क्रांति के दौरान दमोह लगभग दस माह तक अंग्रेजी शासन से मुक्त रहा। इसी अवधि में राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी ने कुम्हारी क्षेत्र से विद्रोह का संचालन किया और दिसंबर 1858 तक अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष जारी रखा। ऐतिहासिक अभिलेखों के अनुसार अंग्रेजी शासन के साथ उनकी अंतिम संधि 10 अगस्त 1858 को हुई थी।

सांसद राहुल सिंह ने कहा कि राजा किशोर सिंह जूदेव लोधी का बलिदान, साहस और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास और योगदान को देशभर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।