पथरिया विधानसभा के चार शासकीय विद्यालयों में शुरू होगा कृषि संकाय, राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से मिली स्वीकृति

पथरिया विधानसभा क्षेत्र के चार शासकीय विद्यालयों में कृषि संकाय शुरू करने की शासन से स्वीकृति मिल गई है। राज्यमंत्री लखन पटेल ने इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों और किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर कृषि शिक्षा का अवसर मिलेगा।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
पथरिया विधानसभा के चार शासकीय विद्यालयों में शुरू होगा कृषि संकाय, राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से मिली स्वीकृति

पथरिया/दमोह। पथरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शासन ने क्षेत्र के चार शासकीय विद्यालयों में कृषि संकाय प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय के बाद विद्यार्थियों को कृषि विषय की पढ़ाई के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

जानकारी के अनुसार शासकीय विद्यालय पथरिया, खड़ेरी, असलाना और बेलापुरवा में कृषि संकाय शुरू किए जाएंगे। क्षेत्र में लंबे समय से कृषि शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी, जिसे अब शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है।

आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कृषि संकाय शुरू होने से विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान, आधुनिक खेती की तकनीकों और कृषि आधारित रोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि क्षेत्र में कृषि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस स्वीकृति के लिए राज्यमंत्री लखन पटेल द्वारा शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने पथरिया विधानसभा में शिक्षा एवं कृषि क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की स्वीकृति के लिए भी पहल की है।

क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पथरिया विधानसभा के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका कहना है कि अब किसानों के परिवारों को अपने बच्चों की कृषि शिक्षा के लिए दमोह, हटा या जिले के बाहर भेजने की आवश्यकता कम होगी। इससे समय और आर्थिक व्यय दोनों में कमी आएगी।

राज्यमंत्री लखन पटेल ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में अन्य विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि करीब 13-13 करोड़ रुपये की लागत से पथरिया और बटियागढ़ में नए आईटीआई भवनों का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे तकनीकी शिक्षा को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।