दमोह/पटेरा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पटेरा जनपद पंचायत प्रांगण में शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, हटा विधायक उमा देवी खटीक, सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, जनपद अध्यक्ष मल्लो बाई, गंगाराम पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान के तहत पटेरा नगरीय निकाय के 15 वार्डों के साथ जनपद पंचायत पटेरा की 37 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया। इसके लिए 37 जिला स्तरीय अधिकारियों के दल गठित किए गए। इन दलों ने संबंधित ग्राम पंचायतों में पहुंचकर स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, छात्रावास, राशन दुकान सहित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।
आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान प्राथमिकता
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जनता का विश्वास ही शासन की पहचान है। प्रशासन का दायित्व है कि आमजन की समस्याओं और शिकायतों पर नियमानुसार निष्पक्षता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा या किसान से संबंधित कोई छोटा कार्य भी नागरिक के लिए महत्वपूर्ण होता है, इसलिए ऐसे मामलों के निराकरण में संवेदनशीलता और तेजी जरूरी है।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी लगातार समीक्षा की जाएगी।
परख ऐप से होगी ऑनलाइन मॉनीटरिंग
कलेक्टर ने बताया कि क्षेत्र में किए जाने वाले निरीक्षणों को ऑनलाइन दर्ज करने के लिए परख ऐप की व्यवस्था की जा रही है। इसके माध्यम से मौके की स्थिति, निरीक्षण की जानकारी और तस्वीरें ऑनलाइन अपलोड की जा सकेंगी। इससे संबंधित समस्या की वास्तविक स्थिति अधिकारियों के सामने तत्काल उपलब्ध होगी और उसके निराकरण में तेजी लाई जा सकेगी।
उद्यमियों से किया संवाद
संभागायुक्त दिलीप कुमार ने शिविर के दौरान क्षेत्र के उद्यमियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उद्यमियों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उद्यमी इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय एवं उद्यम को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि शासन उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
संभागायुक्त ने विधायक उमा देवी खटीक और कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के साथ शिविर स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से योजनाओं की जानकारी ली और अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पोषण संबंधी उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया।
187 लोगों को स्वास्थ्य जांच और उपचार
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 187 लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
हितग्राहियों को बांटे हितलाभ
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। तीन महिला स्व-सहायता समूहों को 6-6 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं नवीन स्वीकृत पेंशन पत्र तथा संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता राशि के लिए छह हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कृषि विभाग की ओर से चार हितग्राहियों को पावर स्प्रे पंप वितरित किए गए। उद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार के लिए दो हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। इनमें हेमा लोधी को ऑटो पार्ट्स व्यवसाय के लिए 1.60 लाख रुपये तथा अरशद खान को किराना दुकान के लिए 1 लाख रुपये की स्वीकृति शामिल है।
डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य पात्र नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अलग-अलग विभागों की सेवाओं और योजनाओं को एक स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आमजन को सुविधा मिले और उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण हो सके।
