दमोह/पटेरा। पटेरा जनपद क्षेत्र के ग्राम खमरिया पटेरा एवं रेवझामाधो के ग्रामीणों ने दोनों गांवों को जोड़ने वाली करीब 7 किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क को पक्का कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को हटा तिराहा पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों गांवों के बीच सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। विशेष रूप से बारिश के मौसम में कच्ची सड़क की स्थिति खराब हो जाती है, जिससे आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क खराब होने से रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी कठिनाई होती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि खमरिया पटेरा और रेवझामाधो को जोड़ने वाली सड़क का जल्द निर्माण कराया जाए और कच्चे मार्ग को पक्की सड़क में परिवर्तित किया जाए।
चक्का जाम की सूचना मिलने के बाद प्रभारी तहसीलदार मानसी अग्रवाल एवं पटेरा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाइश दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। प्रशासन की ओर से सड़क संबंधी मांग के मामले में आगे नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण होने से दोनों गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल ग्रामीणों को सड़क संबंधी समस्या के समाधान और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।
