दमोह। जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने हटा रोड स्थित एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया। दुकान के शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसे चोर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे घसीटकर बाहर तक ले आए। तिजोरी नहीं खुलने पर वे उसे वहीं छोड़कर चले गए।
रात 1 से 3 बजे के बीच हुई वारदात
पीड़ित दुकानदार जितेंद्र साहू के मुताबिक, चोरी की घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 से 3 बजे के बीच हुई। चोरों ने पहले दुकान के शटर के ताले तोड़े और फिर अंदर रखे सामान को खंगाला। दुकानदार ने बताया कि चोर करीब 120 ग्राम सोना, 15 किलो चांदी और लगभग 80 हजार रुपये नकद ले गए।
तिजोरी तोड़ने में नाकाम रहे चोर
वारदात के दौरान चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी खोलने की कोशिश की। जब वे उसे खोलने में सफल नहीं हुए तो तिजोरी को घसीटकर दुकान के बाहर तक ले आए। इसके बाद भी तिजोरी नहीं खुली, जिसके चलते चोर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। बताया गया है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से जुड़े दृश्य रिकॉर्ड हुए हैं।
सुबह स्थानीय लोगों ने दी सूचना
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर खुला देखा। बाहर तिजोरी पड़ी होने पर उन्हें चोरी की आशंका हुई। उन्होंने दुकानदार जितेंद्र साहू को इसकी सूचना दी। दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पटेरा पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर पटेरा पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच में साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है।
फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश
पटेरा थाना प्रभारी रचना मिश्रा ने बताया कि ज्वेलरी शॉप में चोरी की घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 से 3 बजे के बीच हुई। सीसीटीवी फुटेज में कुछ अज्ञात संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच में साइबर सेल की सहायता भी ली जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी गए सामान की बरामदगी और संदिग्धों की पहचान के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है।
