दमोह। नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम पटी बेड़िया नंदलाल में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर करीब 2000 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई।
तहसीलदार आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व टीम ने नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल एवं पुलिस बल के साथ गांव में दबिश दी। टीम ने गांव के अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान झाड़ियों एवं अन्य स्थानों पर छिपाकर रखी गई कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई में लगभग 2000 लीटर कच्ची शराब मिली, जिसे नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
