दमोह। नरसिंहगढ़ में सुनार नदी में छलांग लगाने वाले पिता-पुत्र की जान समय रहते बचा ली गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू की कोशिश शुरू की। माझी समाज के अध्यक्ष एवं संगम मत्स्य उद्योग सहकारी समिति मर्यादित सीतानगर के उपाध्यक्ष डालचंद रैकवार अपनी टीम के साथ नाव लेकर नदी में पहुंचे और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
निषादराज माझी समाज सेवा समिति, भोपाल के प्रदेश सचिव मोंटी रैकवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रानगिर निवासी अंकित यादव ने पहले सुनार नदी के पुल से छलांग लगा दी थी। बताया गया कि अंकित मोबाइल खरीदने की जिद कर रहा था और मोबाइल नहीं मिलने के बाद उसने यह कदम उठाया।
बेटे को नदी में छलांग लगाते देख पिता द्वारका यादव ने उसे बचाने के प्रयास में स्वयं भी नदी में छलांग लगा दी। इसके बाद दोनों नदी में फंस गए और उनकी जान पर संकट बन गया।
घटना की जानकारी मिलने पर डालचंद रैकवार को बताया गया कि दो लोग नदी में कूद गए हैं। इसके बाद उन्होंने बिना समय गंवाए अपनी टीम के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नाव के माध्यम से नदी में पहुंचकर दोनों पिता-पुत्र को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बताया गया कि समय रहते रेस्क्यू होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। दोनों को नदी से बाहर निकालने के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
इस घटना के बाद डालचंद रैकवार और उनकी टीम के साहसिक प्रयास की सराहना की जा रही है। निषादराज माझी समाज सेवा समिति के प्रदेश सचिव मोंटी रैकवार ने डालचंद रैकवार को उनके इस कार्य के लिए सम्मानित किए जाने की मांग की है।
समिति की ओर से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्य मंत्री लखन पटेल, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, दमोह विधायक जयंत मलैया, हटा विधायक उमा देवी खटीक, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि से अपील की गई है कि डालचंद रैकवार को उनके साहसिक कार्य के लिए राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया जाए।
