जबेरा से शुरू हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया शुभारंभ

दमोह जिले के जबेरा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया। कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए और अधिकारियों को गांवों में पहुंचकर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
जबेरा से शुरू हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया शुभारंभ

जबेरा/दमोह। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जबेरा के मंगल भवन में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग के मंत्री तथा दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने अपने संबोधन में कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य केवल सर्वेक्षण या जानकारी एकत्रित करना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करें और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।

प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि जबेरा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रत्येक शुक्रवार अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में रहकर आमजन की समस्याएं सुनने तथा उनके निराकरण के लिए कार्य करना होगा।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अधिकारियों का ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अभियान के पहले दिन जिले के प्रभारी मंत्री की उपस्थिति को उत्साहवर्धक बताते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ इस अभियान की शुरुआत की गई है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत मृतक आश्रित परिवारों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं वृद्धावस्था पेंशन योजना के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अजय सिंघई एवं जुगल शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, वनमंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम सी.जी. गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।