जबेरा/दमोह। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने शनिवार को जबेरा विधानसभा क्षेत्र के नोहटा स्थित कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें लेकर जनसुनवाई में पहुंचे।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए प्रत्येक शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार कुल 81 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों का समय और अतिरिक्त खर्च दोनों की बचत हो रही है तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण का प्रयास किया जा रहा है।
राज्यमंत्री ने कहा कि उनका संकल्प जबेरा विधानसभा को प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बनाना है। इसके लिए विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
प्राप्त आवेदनों में सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों को शामिल किया गया। जनसुनवाई के दौरान कई समस्याओं का मौके पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से समन्वय बनाकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात भी कही।
