हटा/दमोह। हटा थाना क्षेत्र के नावघाट स्थित सुनार नदी में शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
एसडीओपी केपी सिंह के निर्देश पर पुलिस आरक्षक विजय सिंह राजपूत और सोनू कुर्मी सहित एसडीआरएफ टीम के अरविंद राजपूत, राजेंद्र सिंह और हन्नु लाल अठ्या मौके पर पहुंचे। टीम ने नदी में फंसे शव को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
सुनार नदी के घुराघाट क्षेत्र में शव काफी मुश्किल स्थान पर फंसा हुआ था। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने काफी मशक्कत के बाद अज्ञात महिला के शव को नदी से बाहर निकाला। इस दौरान आरक्षक विकास सिंह राजपूत के साथ स्थानीय नागरिक जग्गी मिस्त्री, जुबेर खान और पप्पू मिस्त्री ने भी रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया।
शव बाहर निकालने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस महिला की पहचान और नदी में शव पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
