हटा में एसपी आनंद कलादगी का जनसंवाद, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर सुनीं लोगों की समस्याएं

दमोह जिले के हटा थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने जनसंवाद कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर लोगों से सुझाव भी लिए गए।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
हटा में एसपी आनंद कलादगी का जनसंवाद, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर सुनीं लोगों की समस्याएं

हटा/दमोह। जिले के हटा थाना परिसर में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।

कार्यक्रम में हटा विधायक उमादेवी खटीक, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कृष्णपाल सिंह (आर.पु.से.), थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

जनसंवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर लोगों से सुझाव और फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन के साथ विश्वास और सहयोग का मजबूत संबंध स्थापित करना है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रहे।

पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के त्वरित और निष्पक्ष निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों, विशेषकर थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और आमजन को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक उमादेवी खटीक ने भी क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपराध या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने का भी आग्रह किया।