लापता 4 वर्षीय मासूम का शव पोखर में मिला, पूरे गांव में शोक की लहर

दमोह जिले के हटा क्षेत्र के भटिया गांव में मंगलवार से लापता चार वर्षीय बच्ची का शव कल देर रात एक पोखर से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
लापता 4 वर्षीय मासूम का शव पोखर में मिला, पूरे गांव में शोक की लहर

हटा/दमोह। दमोह जिले के हटा क्षेत्र के भटिया गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार से लापता बच्ची का शव कल देर रात गांव के एक पोखर से बरामद किया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि चार वर्षीय वैष्णवी मंगलवार को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) कृष्णपाल सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान में हटा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी, रनेह थाना प्रभारी चंदन सिंह निरंजन सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। लगातार खोजबीन के दौरान बुधवार देर रात बच्ची का शव गांव के पोखर से बरामद किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में बच्ची की मौत पानी में डूबने से होना प्रतीत हो रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।

घटना के बाद पूरे भटिया गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बच्ची के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।