ग्वाल बाबा मंदिर में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंत्री लखन पटेल सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल

दमोह के किल्लाई नाका स्थित ग्वाल बाबा मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री लखन पटेल, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया और कलेक्टर प्रताप नारायण यादव सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
ग्वाल बाबा मंदिर में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंत्री लखन पटेल सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दमोह में किल्लाई नाका स्थित ग्वाल बाबा मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर जन्माष्टमी पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ भक्तिमय वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे और उनके आदर्शों एवं संदेशों से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत हो। उन्होंने प्रदेशवासियों, देशवासियों एवं जिलावासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

किसानों की समृद्धि और अच्छी फसल की कामना

सांसद राहुल सिंह लोधी ने भगवान श्रीकृष्ण से अच्छी वर्षा और किसानों की अच्छी फसल की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जिले का अन्नदाता किसान समृद्धि की ओर बढ़े और दमोह निरंतर विकास एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

उन्होंने यादव महासभा द्वारा प्रतिवर्ष निकाली जाने वाली श्रीकृष्ण शोभायात्रा की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े लोगों को बधाई दी। सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर जिले के विभिन्न गांवों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण का पूजन, मटकी फोड़ एवं बाल लीलाओं के आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।

जयंत मलैया ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं

दमोह विधायक जयंत मलैया ने प्रदेशवासियों, देशवासियों एवं समस्त जिलावासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

कृष्ण के जीवन से मिलता है प्रेम और सेवा का संदेश

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, करुणा और सेवा का महत्वपूर्ण संदेश मिलता है। उनके जीवन दर्शन में मानवता, कर्तव्य और लोककल्याण की भावना निहित है।

उन्होंने कहा कि हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। सेवा को संस्कार बनाकर तथा करुणा और प्रेम को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए।

धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं और नागरिकों ने उत्साह के साथ सहभागिता कर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया।