दमोह। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार सुबह जिले के मराहार में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी शामिल हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ वन विभाग की भूमि पर 101 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद राहुल सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजू कमल ठाकुर, वन मंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पौधारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के महत्व पर भी चर्चा की गई।
अपने संबोधन में सांसद राहुल सिंह ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन का आधार है और हमें जीवन के लिए आवश्यक सभी संसाधन प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।
सांसद ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जितने पौधों की देखभाल की जा सके, उतने ही पौधे लगाए जाएं, ताकि उनका संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उनके अनुसार वर्षा ऋतु में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘जल गंगा संवर्धन’, कुओं, तालाबों एवं बावड़ियों की साफ-सफाई तथा कृषि जागरूकता जैसे अभियान प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
कार्यक्रम के अंत में सांसद राहुल सिंह ने उपस्थित नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रमाकांत वाजपेई, सरपंच प्रतिनिधि नारायण कुशवाहा, पार्षद रघु श्रीवास्तव, पार्षद धीरज घारू, बिजेंद्र अहिरवार, राघवेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
