दमोह। शहर के पुराने तालाब स्थित मंदिर के समीप शनिवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। शव काफी पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत अवस्था में था, जिससे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 5:30 बजे तालाब के आसपास से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो पानी में शव तैरता दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय मछुआरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार शव काफी समय पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक के चेहरे और सिर की त्वचा पूरी तरह गल चुकी थी, जिसके कारण उसकी पहचान करना कठिन हो रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक के गले में तुलसी की माला जैसी एक माला भी मिली है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना से जुड़ा है।
पुलिस मृतक के कपड़ों, गले में मिली माला तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।
