दमोह में एसपी आनंद कलादगि (IPS) ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

दमोह पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने जिले के थाना और चौकी प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित मामलों, वारंटों की तामीली, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
दमोह में एसपी आनंद कलादगि (IPS) ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

दमोह। पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में सोमवार को पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (IPS)ने जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित अपराधों, मर्ग और शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश तेज करने और स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों की प्रभावी तामीली सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग पर जोर

बैठक में क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

डिजिटल साक्ष्य और साइबर मामलों की समीक्षा

अपराध समीक्षा के दौरान ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन की 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के प्राथमिकता से निराकरण पर भी जोर दिया गया।

आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और लंबित वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने नए आपराधिक कानूनों BNS और BNSS के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए डिजिटल साक्ष्य संकलन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता बेहतर करने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष ध्यान

महिला संबंधी अपराधों और POCSO एक्ट से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई

बैठक में यातायात एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की गई। ब्लैक स्पॉट्स पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय करने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई और नियमित वाहन चेकिंग के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनसंवाद और कम्युनिटी पुलिसिंग पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने थानों में आने वाले फरियादियों के साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का व्यवहार संवेदनशील और सहयोगात्मक बनाए रखने के निर्देश दिए। जनता के साथ संवाद स्थापित कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया सहित जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।