दमोह रेलवे यार्ड में मालगाड़ी की चपेट में आया 49 वर्षीय व्यक्ति, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
दमोह रेलवे यार्ड में मालगाड़ी की चपेट में आया 49 वर्षीय व्यक्ति, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

मालगाड़ी के नीचे फंसे व्यक्ति को जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों ने सुरक्षित निकाला, सिर, आंख और पैर में आई चोटें

दमोह। रेलवे स्टेशन के यार्ड में बुधवार को मालगाड़ी से टकराकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और मालगाड़ी के नीचे फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान बाबूलाल अहिरवार (49), निवासी वार्ड क्रमांक-01 पथरिया के रूप में हुई है।

मालगाड़ी के नीचे फंसा था घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को दोपहर 1:35 बजे ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर अरुण रजक ने सूचना दी कि दमोह रेलवे यार्ड में मालगाड़ी क्रमांक जेएसपीके से टकराकर एक व्यक्ति घायल हो गया है। सूचना पर सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल, प्रधान आरक्षक दिनेश कुमार और जीआरपी उप निरीक्षक जुम्मन शेख तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर व्यक्ति मालगाड़ी के नीचे फंसा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय दमोह पहुंचाया।

सिर, आंख और पैर में गंभीर चोटें

पूछताछ के दौरान घायल ने अपना नाम बाबूलाल अहिरवार, पिता परम अहिरवार, उम्र 49 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-01 पथरिया, थाना पथरिया बताया। उसके सिर, आंख और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है।

रेलवे पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति के पास यात्रा से संबंधित कोई वैध अधिकार पत्र अथवा रेलवे टिकट नहीं मिला। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।