दमोह। दमोह रेलवे स्टेशन के बाहर बुधवार देर रात दो यात्री पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिसका वीडियो गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार तेजगढ़ थाना क्षेत्र के दिनारी गांव निवासी पंचम कुम्हार दिल्ली मजदूरी के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान स्टेशन परिसर के बाहर उनका अन्य यात्रियों से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ महिलाएं भी विवाद के दौरान मौजूद नजर आ रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल तथा सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने हालात पर नियंत्रण स्थापित कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पंचम कुम्हार की पत्नी लक्ष्मी कुम्हार ने आरोप लगाया कि उनके पति पर किसी नुकीली वस्तु से हमला किया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। उनका यह भी कहना है कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
वहीं पुलिस का कहना है कि पंचम कुम्हार कथित रूप से नशे की हालत में थे और यात्रियों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों से भी विवाद कर रहे थे। इसके बाद उन्हें रेलवे सुरक्षा बल चौकी ले जाया गया।
रेलवे सुरक्षा बल चौकी प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि घटना के दौरान एक पक्ष मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को जमानत मिल गई और वे दूसरी ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
