दमोह। यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहनों में लगाए जाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और तेज आवाज वाले हॉर्न के खिलाफ दमोह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आज शहर के वीआईपी मार्ग पर जब्त किए गए साइलेंसर, हूटर और हॉर्न को एकत्र कर बुलडोजर की मदद से नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, सीएसपी एच.आर. पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद कंगाली, कोतवाली टीआई मनीष कुमार, यातायात प्रभारी दलबीर सिंह, निरीक्षक आकांक्षा जोशी सहित यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा।
दो माह से लगातार चल रही थी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यातायात पुलिस द्वारा पिछले करीब दो माह से वाहनों की जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और हॉर्न जब्त किए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान शहर के अलग-अलग स्थानों से बड़ी संख्या में ऐसे उपकरण जब्त किए गए।
गुरुवार को जब्त किए गए उपकरणों को वीआईपी मार्ग पर व्यवस्थित तरीके से एकत्र किया गया। इसके बाद बुलडोजर चलाकर उन्हें कुचलकर नष्ट किया गया।
करीब 200 उपकरण किए गए नष्ट
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए करीब 200 साइलेंसर, हॉर्न और हूटर नष्ट किए गए। इनमें वाहनों में लगाए जाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज करने वाले हॉर्न सहित अन्य उपकरण शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि ऐसे उपकरणों के इस्तेमाल से अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने कहा- कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि दमोह में पदस्थ होने के बाद से ही यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहनों में नियम विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और हॉर्न का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और अनावश्यक तेज आवाज वाले उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने का संदेश दिया गया है।
