दमोह। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद दमोह ने विशेष चालानी अभियान चलाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी के निर्देशानुसार संचालित किया गया।
नगर पालिका की टीम ने अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल रोड स्थित देसी कलाकार विवेक राजपूत की चाट दुकान के बाहर सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैला हुआ पाया गया। इस पर नगर पालिका ने नियमानुसार स्पॉट फाइन की कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला।
इसी प्रकार विजय नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा शॉप के बाहर भी सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंके जाने की शिकायत सही पाए जाने पर नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर चालानी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में कुल ₹3,000 का स्पॉट फाइन वसूला गया।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाना नगर निगम एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी ने नागरिकों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा कचरे का निस्तारण निर्धारित स्थानों पर ही करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार स्पॉट फाइन एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
