मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: दमोह से 460 श्रद्धालु विशेष ट्रेन से कामाख्या धाम रवाना

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत दमोह जिले से 460 श्रद्धालुओं को माता कामाख्या के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन से रवाना किया गया। राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया और कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: दमोह से 460 श्रद्धालु विशेष ट्रेन से कामाख्या धाम रवाना

दमोह। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत माता कामाख्या के दर्शन के लिए दमोह जिले से विशेष ट्रेन रवाना की गई। इस धार्मिक यात्रा के लिए कुल 479 यात्रियों का पंजीयन किया गया था, जिनमें से 460 श्रद्धालु कामाख्या धाम की यात्रा पर रवाना हुए।

विशेष ट्रेन के रवाना होने के अवसर पर रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। यात्रियों को यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कामाख्या देवी की तीर्थयात्रा पर जाने वाली विशेष ट्रेन को प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया तथा कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में अनुरक्षक दल, चिकित्सकीय दल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

कामाख्या धाम की यात्रा महत्वपूर्ण अवसर: धर्मेंद्र सिंह लोधी

राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार श्रद्धालुओं और विशेष रूप से वृद्धजनों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए तीर्थयात्रा जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि कामाख्या धाम काफी दूर होने के कारण अनेक श्रद्धालु इच्छा होने के बावजूद वहां दर्शन के लिए नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में दमोह से विशेष ट्रेन के माध्यम से यात्रा की सुविधा मिलना श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।

राज्यमंत्री ने सभी यात्रियों को सुखद यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए माता कामाख्या से सभी के सुखी, निरोगी और मंगलमय जीवन की कामना की।

वृद्धजनों के लिए सरकार कर रही प्रयास: सांसद राहुल सिंह लोधी

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के वृद्धजनों को तीर्थ दर्शन कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में दमोह से 460 तीर्थयात्रियों को विशेष ट्रेन के माध्यम से माता कामाख्या के दर्शन के लिए रवाना किया गया है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

देश की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना

मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने माता कामाख्या से देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इस प्रकार की पहल निरंतर आगे बढ़े और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

वर्षों से संजोए सपनों की यात्रा: कलेक्टर प्रताप नारायण यादव

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि यह यात्रा उन श्रद्धालुओं के सपनों की यात्रा है, जिन्हें उन्होंने वर्षों से अपने मन में संजोकर रखा था।

उन्होंने कहा कि अनेक श्रद्धालुओं ने अपना जीवन परिवार और समाज की जिम्मेदारियों को निभाने में समर्पित किया है। पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों के बाद जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का भी विशेष महत्व होता है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से शासन श्रद्धालुओं की इस आध्यात्मिक आकांक्षा को पूरा करने का प्रयास कर रहा है।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और प्रसन्नता जिला प्रशासन के लिए भी संतोष का विषय है। शासन और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं को लेकर यात्री उत्साहित नजर आए।

जिला प्रशासन की ओर से सभी श्रद्धालुओं को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं तथा बाबा जागेश्वरनाथ से यात्रा के सफल और निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की गई।

जानकारी के अनुसार, कामाख्या धाम की तीर्थयात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु 12 सितंबर को वापस लौटेंगे, जहां जिला प्रशासन द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।