दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशों के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दमोह शहर में दूध डेयरियों, फुटकर दूध विक्रेताओं और पनीर विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया द्वारा की गई इस कार्रवाई में सांची दुग्ध संघ दमोह के प्रबंधक दिनेश मांझी के सहयोग से मिल्क टेस्ट किट के माध्यम से दूध एवं दुग्ध पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दमोह शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का परीक्षण किया गया, जिनमें जबलपुर नाका स्थित श्री कृष्णा दुग्ध धारा दूध डेयरी, मोरगंज पुरानी गल्ला मंडी स्थित विद्यासागर एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, कचौरा शॉपिंग सेंटर स्थित दीपक पटेल दूध डेयरी, प्राइवेट बस स्टैंड स्थित बालाजी दूध डेयरी और मुकेश नायक कॉलोनी स्थित सार्थक डेयरी शामिल हैं।
पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए
निरीक्षण के दौरान संबंधित परिसरों में संग्रहित पनीर के नमूने जांच के उद्देश्य से लिए गए। इसके अलावा दमोह शहर में एक दर्जन से अधिक फुटकर एवं फेरी वाले दूध विक्रेताओं द्वारा बेचे जा रहे दूध की गुणवत्ता की भी मिल्क टेस्ट किट के माध्यम से जांच की गई।
लैब परीक्षण के लिए लिए गए नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल किसी भी प्रतिष्ठान या विक्रेता के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
