दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर दमोह शहर में संचालित दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दवा दुकानों में ड्रग लाइसेंस की वैधता, निर्धारित नियमों का पालन, दवाओं के क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड और एक्सपायरी दवाओं सहित विभिन्न बिंदुओं की जांच की गई।
औषधि निरीक्षक महिमा जैन ने बताया कि शहर के कचोरा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स स्थित दवा बाजार में संचालित कई मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई। इसके अलावा राय चौराहा क्षेत्र में संचालित एक मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में ड्रग लाइसेंस की वैधता की जांच की गई। साथ ही यह भी देखा गया कि दवा दुकान में नियमों के अनुसार सक्षम व्यक्ति की उपस्थिति है या नहीं। एनआरएक्स श्रेणी की दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की गई।
चार दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए गए
निरीक्षण के दौरान चार अलग-अलग श्रेणियों की दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए गए। इनमें एंटासिड, एनाल्जेसिक, ब्लड प्रेशर और एंटीफंगल श्रेणी की दवाएं शामिल हैं।
औषधि निरीक्षक के अनुसार, लिए गए नमूनों को जांच के लिए शासकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद दवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल संचालकों को एचएफआर और एचपीआर आईडी बनाने के संबंध में भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य दवा दुकानों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना और आमजन को मानकों के अनुरूप दवाएं उपलब्ध कराना है।
