दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मागंज वार्ड-1 में राय चौराहा के समीप शुक्रवार रात बंद कमरे में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गौरव उर्फ मोंटू नामदेव, पिता पूरनलाल नामदेव, निवासी यूनियन बैंक के सामने मागंज वार्ड-1 के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी एचआर पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद कंगाली और कोतवाली टीआई मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल स्थित शवगृह में सुरक्षित रखवाया।
दो दिन से नजर नहीं आया था युवक
कोतवाली टीआई मनीष कुमार के अनुसार, गौरव को परिजनों और स्थानीय लोगों ने करीब दो दिन पहले देखा था। इसके बाद वह नजर नहीं आया। बताया गया कि कमरे में रहने वाले किराएदार ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर कमरा खोलकर देखा गया तो युवक मृत अवस्था में मिला।
मौके से मिली सामग्री, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से शराब की बोतलें, बीड़ी-सिगरेट सहित अन्य सामग्री मिली है। परिजनों ने बताया कि युवक नशे का आदी था और शुगर की बीमारी से भी पीड़ित था। परिजनों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है, हालांकि मौत की वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
