दमोह में पुरानी रंजिश में फायरिंग, वृद्ध और मासूम घायल, आरोपी की तलाश जारी

दमोह जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई कथित फायरिंग में एक वृद्ध और एक मासूम बच्चा घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
दमोह में पुरानी रंजिश में फायरिंग, वृद्ध और मासूम घायल, आरोपी की तलाश जारी

मड़ियादो/दमोह। जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना खेड़ा (महावीर मोहल्ला) में मंगलवार रात कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना सामने आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोली के छर्रे लगने से एक वृद्ध और एक मासूम बच्चा घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घायल वृद्ध की पहचान दयालु आदिवासी (55 वर्ष), पिता दलुआ आदिवासी के रूप में हुई है। वहीं घायल बच्चे की पहचान लच्छू उर्फ लक्ष्मण, पिता मुलू आदिवासी, निवासी पुराना खेड़ा (महावीर मोहल्ला) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 9 बजे आरोपी गुड्डा पाठक ने कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते आंगन में बैठे दयालु आदिवासी पर गोली चला दी। गोली के छर्रे दयालु के हाथ में लगे। इसी दौरान पास में मौजूद उनका नाती लच्छू उर्फ लक्ष्मण भी छर्रों की चपेट में आ गया, जिससे उसके कूल्हे में चोट आई।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को मड़ियादो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि डायल-112 वाहन के पंचर हो जाने के कारण दोनों घायलों को मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 1:20 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया जा सका।

जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. विक्रम पटेल तथा शल्य रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश तंतुवाय और उनकी टीम ने दोनों घायलों का उपचार कर उन्हें भर्ती किया।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 एफआरबी-4 के आरक्षक रानू एवं चालक चरण, तथा राजपुरा एफआरबी-7 के धर्मेंद्र सिंह एवं चालक रमाकांत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

वहीं महिला थाना प्रभारी फेमिदा खान, सहायक उपनिरीक्षक बलविंदर सिंह, प्रधान आरक्षक केवल प्रधान सहित पुलिस टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों एवं उनके परिजनों से जानकारी ली।

मड़ियादो थाना प्रभारी प्रीति पांडे ने बताया कि आरोपी गुड्डा पाठक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।