दमोह। शादी कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में दमोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी खुशबू राजपूत निवासी रांझी, जबलपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने राजस्थान के कोटा में भी दूसरी शादी कर ली थी।
मामला बांसा तारखेड़ा निवासी दिनेश पिता रामकौशल विश्वकर्मा (38 वर्ष) की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
रानगिर मंदिर में कराई गई थी शादी
पुलिस के अनुसार गांव के नर्मदा पटेल ने दिनेश विश्वकर्मा की मुलाकात नीरज उर्फ धीरज पटेल और मालती पटेल, दोनों निवासी ग्राम कनेरा, थाना जैसीनगर, जिला सागर से कराई थी।
इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को रानगिर मंदिर में खुशबू राजपूत के साथ शादी कराई गई। शादी के एवज में दिनेश विश्वकर्मा द्वारा खुशबू राजपूत को 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और करीब 2 लाख 40 हजार रुपये के जेवर दिए गए थे। इस तरह कुल 4 लाख 10 हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई है।
बहन बनकर आई आरोपी महिला, फिर दुल्हन को साथ ले गई
आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को मालती पटेल खुद को खुशबू की बड़ी बहन बताकर बांसा तारखेड़ा पहुंची थी। कुछ दिन बाद वापस भेजने की बात कहकर वह खुशबू को अपने साथ जबलपुर ले गई।
इसके बाद खुशबू राजपूत ने दिनेश विश्वकर्मा से संपर्क करना बंद कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नर्मदा पटेल, नीरज उर्फ धीरज पटेल, मालती पटेल और खुशबू राजपूत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
पहले दो आरोपी गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड भी मिले
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे के नेतृत्व में मामले की विवेचना की गई।
28 अगस्त को पुलिस ने नर्मदा पटेल निवासी बांसा तारखेड़ा और मालती पटेल निवासी कनेरा को गिरफ्तार कर पूछताछ की थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान मालती पटेल ने अपने पति नीरज उर्फ धीरज पटेल के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने की जानकारी दी।
जांच में यह भी सामने आया कि नीरज उर्फ धीरज पटेल के खिलाफ अमानगंज, जिला पन्ना में भी कथित तौर पर इसी तरह के अपराध का मामला दर्ज है। वह वर्तमान में पन्ना जेल में बंद बताया गया है।
पुलिस ने मालती पटेल के मोबाइल की जांच के दौरान कई लड़कियों के कथित रूप से कूट रचित आधार कार्ड भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार नर्मदा पटेल और मालती पटेल को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल दमोह भेज दिया गया।
31 अगस्त को मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 31 अगस्त को मामले की मुख्य आरोपी खुशबू राजपूत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि दमोह की घटना के बाद उसने कोटा, राजस्थान में भी दूसरी शादी की थी।
पुलिस आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश करेगी। मामले की जांच आगे भी जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, सब इंस्पेक्टर विक्रम दांगी, प्रधान आरक्षक रामकुमार, अखिलेश छारी, योगेंद्र, मनीष, महिला आरक्षक रचना विश्वकर्मा, महिला सैनिक गीता पटेल और सैनिक महफूज का विशेष योगदान रहा।
