कृषक कल्याण से ही प्रदेश और राष्ट्र की समृद्धि : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

दमोह कृषि उपज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए और किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि से ही प्रदेश और देश की समृद्धि संभव है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ बताते हुए किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक, सिंचाई सुविधाओं और शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण जैसी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
कृषक कल्याण से ही प्रदेश और राष्ट्र की समृद्धि : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

दमोह, 15 सितंबर 2026। कृषि उपज मंडी दमोह में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किसानों के लिए विभिन्न कृषि योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और सिंचाई सुविधाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए और जिले के किसानों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि से ही मध्यप्रदेश और देश की समृद्धि संभव है। राज्य सरकार किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किसानों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 को प्रदेश में ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक, सिंचाई सुविधाओं सहित कृषि विकास से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

केन-बेतवा परियोजना से बढ़ेगा सिंचाई का दायरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड सहित प्रदेश के बड़े हिस्से में सिंचाई का दायरा बढ़ेगा। पर्याप्त जल और बिजली उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि दमोह जिले में करीब 3 लाख 24 हजार हेक्टेयर कृषि योग्य क्षेत्र है और वर्तमान में सिंचाई का रकबा बढ़कर 86 प्रतिशत हो गया है। निर्माणाधीन और प्रस्तावित सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद जिले को शत-प्रतिशत सिंचित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद किया। उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक खेती, पशुपालन और कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले किसानों के प्रयासों की सराहना की।

किसान थम्मन सिंह लोधी ने बताया कि उनके द्वारा छह प्रकार की फसलों का उत्पादन किया जा रहा है, जिनकी आपूर्ति दमोह सहित प्रदेश के बाहर दिल्ली, राजस्थान और अन्य राज्यों में भी की जा रही है। किसान राम कुरेरिया ने जैविक उत्पादन की जानकारी दी। वहीं किसान समीर अहिरवार ने कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों तथा कृषि उपकरणों के प्रदर्शन के माध्यम से उनकी उपयोगिता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।