दमोह। नाग पंचमी के पावन पर्व पर शहर के प्रसिद्ध श्री देव जटाशंकर धाम में स्वर्गीय श्री चंद्रशेखर पाठक की स्मृति में विशाल दंगल का आयोजन किया गया। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी धार्मिक आस्था के साथ कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में पहलवान और दर्शक शामिल हुए।
दंगल का शुभारंभ सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। आयोजकों के अनुसार कुश्ती प्रतियोगिता देर रात तक जारी रहने की संभावना है। दंगल में दमोह सहित टीकमगढ़, ललितपुर, झांसी, छतरपुर, कटनी, रीवा और सतना सहित आसपास के जिलों से पहलवान पहुंचे हैं।
अखाड़े में उतर रहे पहलवानों के बीच अलग-अलग मुकाबले कराए जा रहे हैं। पहलवान कुश्ती के दौरान दांव-पेंच आजमाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। मुकाबलों के दौरान दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पहलवानों के अच्छे प्रदर्शन पर तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया जा रहा है।
जटाशंकर धाम में नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित यह दंगल धार्मिक आयोजन के साथ-साथ क्षेत्र की पारंपरिक कुश्ती संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग दंगल देखने के लिए यहां पहुंचते हैं।
दंगल का आयोजन स्वर्गीय श्री चंद्रशेखर पाठक की स्मृति में किया जा रहा है। कार्यक्रम के संयोजक पंडित मोनू पाठक, महंत जटाशंकर धाम हैं। आयोजन में जिला प्रचारक भइयन जी, मनु मिश्रा, श्याम सुंदर विश्वकर्मा, कपिल सोनी, खली बद्री विश्वकर्मा, तरुण कोरी, खिल्लू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।
दंगल में लोगों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन और पुलिस द्वारा आयोजन स्थल पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण के साथ कुश्ती मुकाबलों को लेकर भी लोगों में उत्साह बना हुआ है। नाग पंचमी के अवसर पर जटाशंकर धाम में भगवान शिव की आराधना के साथ दंगल देखने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक पहुंच रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन के माध्यम से पारंपरिक कुश्ती को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को अखाड़े की इस परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। देर रात तक चलने वाले मुकाबलों में विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों के बीच कुश्ती देखने को मिलेगी।
