दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-10 (व्यारमा) में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनसुनवाई में 289 आवेदनों पर सुनवाई की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े व्यक्तिगत एवं सामूहिक आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त शिकायतों और मांगों को संबंधित विभागों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान नागरिकों को अन्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। जनसुनवाई में 20 लोगों के आधार कार्ड का अद्यतन किया गया, जबकि 153 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। प्रशासन के अनुसार जनसुनवाई के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर ब्रजेश सिंह, रचना प्रजापति, रानी अहिरवार, लोक सेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बुजुर्ग को मिली श्रवण मशीन
जनसुनवाई के दौरान एक संवेदनशील पहल भी देखने को मिली। ग्राम बरखेड़ा भाट, ग्राम पंचायत कनियाघाटपटी निवासी लालचंद शर्मा, पिता बैजनाथ शर्मा को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आधुनिक श्रवण मशीन भेंट की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लालचंद शर्मा दोनों कानों से सुनने में असमर्थ थे, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। श्रवण मशीन मिलने के बाद उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
