दमोह/जबेरा। थाना जबेरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंशीपुर के ग्राम तांबरी से लापता हुई दो बच्चियों की तलाश के दौरान उनके शव गांव के पास स्थित एक कुएं में मिले हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बच्चियों के लापता होने की सूचना मिलते ही उनकी तलाश शुरू की गई। संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने भी प्रशासनिक अधिकारियों को बच्चियों की जल्द तलाश करने के निर्देश दिए थे।
प्रशासनिक अमले और ग्रामीणों द्वारा चलाए गए संयुक्त तलाश अभियान के दौरान काव्या सिंह, उम्र 5 वर्ष और मानसी, उम्र 11 वर्ष के शव कुएं से बरामद किए गए।
तलाश अभियान में एसडीओपी अर्चना अहीर, थाना प्रभारी रावेंद्र सिंह बागरी, चौकी प्रभारी विकास सिंह चौहान, सरपंच प्रतिनिधि डाल सिंह ठाकुर सहित ग्रामीणों ने सहयोग किया।
दोनों बच्चियों के शवों को आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
घटना के संबंध में आगे की जांच और अन्य परिस्थितियों का पता संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। फिलहाल इस दुखद घटना से ग्राम तांबरी में शोक व्याप्त है।
