दमोह। जिले के दमोह देहात थाना अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी पुलिस ने जुआ फड़ पर कार्रवाई करते हुए चार मोटरसाइकिल, एक चारपहिया वाहन, नकदी और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी खेत का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। उनके विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय एवं थाना प्रभारी दमोह देहात धर्मेन्द्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हिंगोली बेल टोरिया स्थित गणपत ठाकुर के खेत के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर जबलपुर नाका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
बताया गया है कि पुलिस टीम को देखते ही जुआ खेल रहे आरोपी खेत के खुले क्षेत्र का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से चार मोटरसाइकिल, एक टाटा टियागो कार, 52 ताश के पत्ते, 1,100 रुपये नकद, एक बरसाती तथा अन्य सामग्री बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में बजाज प्लेटिना (एमपी15 जेडबी 3039), बजाज प्लेटिना (एमपी34 एमजी 9818), हीरो होंडा सीडी डिलक्स (एमपी34 एमए 5107), हीरो एचएफ डिलक्स (एमपी34 एमएन 1879) तथा टाटा टियागो कार (एमपी34 जेडएच 0463) शामिल हैं। जब्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य 4 लाख 31 हजार 430 रुपये बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। साथ ही फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र, आरक्षक रुपेश, मनोज पाण्डेय, आशीष, सुरेन्द्र, सैनिक परशोत्तम एवं साहब लाल की सराहनीय भूमिका रही।
