दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के शासकीय कार्यालयों में दोपहिया वाहनों से आने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया वाहन चलाने वाले अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही कार्यालय आएं। कलेक्टर ने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में भी यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आगामी शुक्रवार 14 अगस्त को तेंदूखेड़ा सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनविश्वास अभियान के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तदान शिविर, प्रधानमंत्री सम्मान निधि और फार्मर आईडी से संबंधित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही समग्र ई-केवाईसी और आधार अपडेशन जैसे कार्य भी किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
बैठक में पिछले शुक्रवार को आयोजित जनविश्वास अभियान के प्रथम कैंप और अधिकारियों द्वारा किए गए ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आगामी कैंपों में ऑनलाइन एंट्री और कार्यक्रमों से संबंधित फोटो अपलोड करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पर्यावरण अनुकूल मूर्ति निर्माण को लेकर भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि पीओपी से मूर्तियों के निर्माण को रोकने के लिए संबंधित लोगों की बैठक आयोजित कर उन्हें आवश्यक जानकारी दी जाए। साथ ही इको-फ्रेंडली मूर्तियों के निर्माण को लेकर जागरूक किया जाए और इसका पालन सुनिश्चित कराया जाए।
कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों की उचित प्लानिंग करने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा संबल कार्ड से जुड़े मामलों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में लंबित और नॉन-अटेंड सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ प्रवीण फुलपगारे, अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी, सभी एसडीएम, जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी मौजूद रहे।
