दमोह में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 13 अगस्त को निकलेगी वृहद तिरंगा यात्रा

दमोह जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 अगस्त को जिला मुख्यालय सहित तहसील, जनपद और ग्राम स्तर पर वृहद तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
दमोह में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 13 अगस्त को निकलेगी वृहद तिरंगा यात्रा

दमोह। आज़ादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दमोह जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में तिरंगा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

इस संबंध में सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग के मंत्री तथा दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को तहसील, जनपद और ग्राम स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचना चाहिए।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि 13 अगस्त को जिला मुख्यालय के तहसील मैदान से वृहद तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में इस यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। साथ ही जिले के सभी तहसील एवं जनपद मुख्यालयों तथा ग्राम स्तर पर भी तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक उमा देवी खटीक, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, वनमंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे ने बताया कि 13 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में स्कूल एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। यात्रा में पुलिस बैंड भी आकर्षण का केंद्र रहेगा, जो राष्ट्रभक्ति की धुनों के साथ तिरंगा यात्रा की शोभा बढ़ाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिला स्तर पर तिरंगा निर्माण प्रतियोगिता, विभिन्न सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 12 अगस्त को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित होगा, जबकि 14 अगस्त को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा तिरंगा दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।

अभियान के तहत जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सभी शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक भवनों तथा आम नागरिकों से अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील भी की गई है।