दमोह। जिले में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए 13 अगस्त, गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ सीई, एमपीईबी सागर संभाग भी शामिल होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक में जिले में लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मरों, अघोषित विद्युत कटौती, अधिक राशि या गलत तरीके से जारी किए गए बिजली बिल सहित अन्य विद्युत संबंधी शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य इन समस्याओं का प्रभावी तरीके से निराकरण कर जिले में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि बिजली बिल जमा होने के बावजूद कुछ स्थानों पर लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रों में घंटों तक अघोषित बिजली कटौती होने और बिजली बिल अधिक राशि के आने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
खराब ट्रांसफार्मर की जानकारी देने की अपील
कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब है और शासन द्वारा निर्धारित 10 प्रतिशत बिल जमा होने की सीमा पूरी होने के बावजूद उसे नहीं बदला गया है, तो इसकी जानकारी कलेक्टर के फेसबुक पेज पर कमेंट के माध्यम से दी जा सकती है।
शिकायत करते समय संबंधित व्यक्ति से अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराने की अपील की गई है, ताकि प्रशासन आवश्यकता पड़ने पर सीधे संपर्क कर सके। इसी तरह यदि किसी क्षेत्र में बार-बार अघोषित बिजली कटौती हो रही है और इससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है या आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, तो उसकी जानकारी भी फेसबुक पेज के माध्यम से देने को कहा गया है।
गलत बिजली बिलों का होगा परीक्षण
कलेक्टर ने कहा कि बिजली बिल व्यक्तिगत प्रकृति के होने के कारण प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच आवश्यक होती है। ऐसे मामलों में नागरिक अपनी शिकायत फेसबुक पेज पर साझा कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों को एमपीईबी के अधिकारियों के पास भेजकर उनका परीक्षण कराया जाएगा।
यदि जांच में बिजली बिल गलत पाया जाता है तो उसे नियमानुसार संशोधित कराने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि आमजन से प्राप्त शिकायतों को 13 अगस्त की समीक्षा बैठक में प्रमुखता से रखा जाएगा।
लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि यदि जांच के दौरान यह सामने आता है कि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
बैठक में सीई, एमपीईबी सागर संभाग की मौजूदगी में जिले के विद्युत अधिकारियों के कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि लंबित शिकायतों का निराकरण कर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से राहत मिले।
