दमोह। हटा थाना क्षेत्र के कुमी गांव में शनिवार अल सुबह गैस सिलेंडर लीकेज के कारण एक घर में बड़ा हादसा हो गया। घर में गैस फैलने के बाद लाइटर जलाते ही आग भड़क गई, जिससे एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए।
जानकारी के अनुसार रामलाल अठया, उनकी पत्नी तुलसा और बहू रोशनी सुबह रसोई में काम कर रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर से लीकेज होने के कारण घर के अंदर गैस फैल गई। लाइटर जलाते ही अचानक आग भड़क गई और तेज धमाके के साथ सिलेंडर ने आग पकड़ ली।
हादसे में रामलाल अठया उम्र 47 वर्ष, उनकी पत्नी तुलसा उम्र 45 वर्ष और बहू रोशनी उम्र 25 वर्ष झुलस गईं। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
तीनों घायलों को तत्काल दमोह जिला अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर पीयूष निमाड़े की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर हटा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह गैस सिलेंडर से लीकेज होना सामने आया है।
