दमोह। जिले में गौहत्या की घटना को लेकर गौसेवकों और हिंदू संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है। शनिवार को दोबारा घटना सामने आने के बाद विरोध के स्वर तेज हो गए। घंटाघर स्थित श्री देव जानकी रमण बूंदाबहु मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान व्यासपीठ पर विराजमान महाराज रसराज दास जी ने भी घटना पर विरोध जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सागर रेंज के डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान दमोह पहुंचे। उन्होंने सीता बावली, कसाई मंडी और नूरी नगर क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने अधिकारियों को घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान चिन्हित अतिक्रमण हटाने के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। प्रशासनिक स्तर पर की जाने वाली कार्रवाई नियमानुसार किए जाने की बात कही गई।
शांति बनाए रखने की अपील
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की आशंका को देखते हुए डीआईजी ने लोगों से शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की गई।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीएम निकेत चौरसिया, एसडीओपी हटा केपी सिंह, तहसीलदार रॉबिन जैन, टीआई मनीष कुमार, नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी, एएसआई राकेश पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। घटना से संबंधित आरोपों और कार्रवाई की विस्तृत जानकारी पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
