दमोह। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) के निर्देशन में मंगलवार से दमोह कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत बिना हेलमेट, सीट बेल्ट तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) वाले वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट अथवा एचएसआरपी के आने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर वापस किया जा रहा है। आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को ने बताया कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट में आने वाले अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक सभी को हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी भी नियमों की अनदेखी करता है तो आवश्यक होने पर उसके विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है।
अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष अभियान मंगलवार से प्रारंभ किया गया है और इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि नागरिकों में यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित हो तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
अभियान के दौरान सहायक उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र, आरक्षक कुलदीप, आरक्षक सिद्धांत सहित यातायात पुलिस का बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।
