सड़कों की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, खराब सड़कें तत्काल दुरुस्त करें: कलेक्टर प्रताप नारायण यादव

दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समय-सीमा बैठक में सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां तत्काल काम कराया जाए और लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक: Damoh Daily News प्रकाशित:
सड़कों की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, खराब सड़कें तत्काल दुरुस्त करें: कलेक्टर प्रताप नारायण यादव

दमोह। जिले की सड़कों की स्थिति को लेकर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सख्त रुख अपनाया है। समय-सीमा बैठक के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की सड़कें दुरुस्त रखी जाएं और जहां कहीं भी सुधार या मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्पष्ट कहा कि सड़कों की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर नहीं कराए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले की सड़कों की स्थिति पर चर्चा करते हुए अप्रसन्नता भी व्यक्त की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुधार और रखरखाव के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।

लोकपथ एप पर दर्ज हो रही शिकायतों पर रखें नजर

कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि आमजन द्वारा लोकपथ एप के माध्यम से सड़कों से संबंधित जानकारी और शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। ऐसे में संबंधित विभागों को अपनी सड़कों की मैपिंग और निगरानी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि शिकायतों का समय पर निराकरण किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को खराब सड़कों के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े और सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से आवश्यक कार्रवाई की जाए।