दमोह। दमोह-सागर मार्ग स्थित बांसातारखेड़ा के पास एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक ट्रक बाउंड्री और पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह फंस गया। हादसे में ट्रक के अंदर एक व्यक्ति घायल अवस्था में फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे से शुरू हुआ बचाव अभियान लगभग 4 घंटे तक चला। ट्रक की स्थिति गंभीर होने के कारण घायल तक पहुंचने और उसे सुरक्षित बाहर निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
SDRF, पुलिस और प्रशासनिक टीम ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर एसडीआरएफ की टीम, एंबुलेंस, डायल 112, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी सहित पुलिस बल पहुंचा। रेस्क्यू कार्य के लिए जेसीबी और हाईड्रा मशीनों की भी मदद ली गई।
बताया गया कि समाजसेवी ऋषि सिंह परिहार सहित अन्य लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग किया।
करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद टीम ने घायल व्यक्ति को ट्रक से सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में जारी है उपचार
जिला अस्पताल पहुंचने के बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ऐश्वर्य सिंह राजपूत, नर्सिंग ऑफिसर और वार्ड स्टाफ द्वारा घायल का उपचार किया जा रहा है।
फिलहाल घायल की स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। संबंधित पुलिस और प्रशासनिक टीम मामले की जानकारी जुटा रही है।
