दमोह। कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट पुल पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद करीब 24 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में आखिरकार ट्रक में फंसे चालक और क्लीनर के शव बरामद कर लिए गए। दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर शुक्रवार देर रात सीमेंट से भरा 18 चक्का ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 40 फीट नीचे चीलघाट नदी में जा गिरा था।
हादसे के बाद ट्रक नदी में उल्टा पड़ा था और उसका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। नदी में पानी का तेज बहाव और अधिक गहराई होने के कारण बचाव दल को ट्रक तक पहुंचने और केबिन की तलाशी लेने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
देर रात क्रेन की मदद से निकाले गए शव
शनिवार दोपहर से एसडीईआरएफ और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। ट्रक के केबिन में पानी भरा होने के कारण अंदर की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। ट्रक को सीधा किए बिना पूरी तरह तलाशी लेना भी मुश्किल था।
मौके पर मौजूद मशीनरी से ट्रक को निकालना संभव नहीं होने के बाद जबलपुर से भारी क्षमता वाली चार से अधिक क्रेनें बुलवाई गईं। इसके बाद देर रात रेस्क्यू अभियान को फिर गति दी गई।
लगातार प्रयास के बाद रात करीब 1 बजे पहला शव बाहर निकाला गया। इसके करीब एक घंटे बाद रात 2 बजे दूसरे शव को भी क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को सुरक्षित रखवाया है। मृतकों की पहचान अभिषेक पिता सुरेश वंशकार (23) और तुलसी भाई पिता गणेश (38) के रूप में हुई है। दोनों सुन्नंता थाना त्योंदा, जिला विदिशा के निवासी बताए गए हैं।
तीन दिन की बारिश से उफान पर थी नदी
बताया गया कि हादसे के समय क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बारिश हो रही थी। इसके चलते चीलघाट नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। नदी की गहराई और तेज धार के बीच एसडीईआरएफ जवानों के लिए ट्रक के केबिन तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण रहा।
अंधेरा बढ़ने के बाद बचाव अभियान और मुश्किल हो गया। रात करीब 9:30 बजे रेस्क्यू कार्य रोकना पड़ा था, लेकिन बाद में भारी क्रेनों की सहायता से अभियान दोबारा शुरू किया गया।
कटनी से दमोह आ रहा था ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सीमेंट से लदा 18 चक्का ट्रक कटनी से दमोह की ओर आ रहा था। चीलघाट पुल पर पहुंचने के दौरान ट्रक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में जा गिरा।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में ट्रक पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू शुरू कराया।
सुबह ट्रक निकालने की कार्रवाई
कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे के अनुसार ट्रक में चालक और क्लीनर मौजूद थे, दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने हादसे की सूचना ट्रक मालिक और मृतकों के परिजनों को दे दी है।
अब नदी में फंसे 18 चक्का ट्रक को भारी मशीनरी की मदद से बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
