दमोह। कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटी देवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ज्ञानी पिता गजराज यादव, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसका परीक्षण किया, जिसके बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने कराया पंचनामा और पोस्टमार्टम
रविवार सुबह कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे एवं पुलिस स्टाफ द्वारा शव का पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
फॉरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
पोस्टमार्टम के संबंध में सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार प्रारंभिक परीक्षण में शराब अथवा किसी अन्य विशेष साक्ष्य के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।
मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। अब बिसरे की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फॉरेंसिक जांच और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
