दमोह। जिले के अभाना क्षेत्र में स्कूल जा रही छात्राओं के साथ हुए बस हादसे में दो छात्राओं की मौत की दुखद घटना सामने आई है। हादसे में घायल छात्रा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि एक अन्य घायल छात्रा अभाना में है। बस में सवार एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संबंधित एसडीएम को तत्काल दुर्घटनास्थल पर पहुंचने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायल छात्रा नित्या सेन से मुलाकात की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
कलेक्टर ने छात्रा को बेहतर उपचार का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उसे चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने उपचार कर रहे चिकित्सकों से भी चर्चा की। चिकित्सकों ने बताया कि घायल छात्रा की आवश्यक जांच कर ली गई है और उसका उपचार जारी है।
कलेक्टर ने एक अन्य घायल देवकरन से भी मुलाकात की। देवकरन ने उन्हें बताया कि अब उसकी स्थिति ठीक है, हालांकि दर्द बना हुआ है। इस पर कलेक्टर ने चिकित्सकों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
घायल छात्रा के परिजनों को 10 हजार रुपये की सहायता
प्रशासन की ओर से घायल छात्रा के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम दमोह संजय दुबे ने जिला अस्पताल पहुंचकर छात्रा के परिजनों को 10 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगा। घायल छात्रा के उपचार में आर्थिक परेशानी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत के अनुसार सहायता की व्यवस्था की जाएगी।
मृतक छात्राओं के परिजनों से मिले कलेक्टर
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मृतक छात्राओं और घायल छात्राओं के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बस जब्त करने और जांच के निर्देश
कलेक्टर ने दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को संबंधित बस जब्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
जांच में स्पीड ब्रेकर से संबंधित स्थिति, बस के गलत दिशा में चलने की आशंका, चालक की स्थिति और दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी। यदि जांच में चालक की लापरवाही सामने आती है, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी से चर्चा कर बसों की नियमित जांच कराने की बात भी कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे और मनीष तिवारी भी मौजूद रहे।
