दमोह। जिले में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय मासूम की जान चली गई। चैनपुरा बजरिया-5 क्षेत्र में खेलते समय पानी की टंकी में डूबने की जानकारी सामने आई है। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को तत्काल दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
मृतक की पहचान कृष्णा पिता राजू अहिरवार, उम्र करीब 9 वर्ष, निवासी चैनपुरा बजरिया-5, दमोह के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार देर शाम बच्चे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर जावेद अहमद ने बच्चे का परीक्षण किया और ईसीजी भी की। जांच के बाद उन्होंने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की स्थिति बन गई। अस्पताल की आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को सुरक्षित रूप से जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
फिलहाल पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
